शिमला/कुल्लू । हिमाचल प्रदेश में इस हफ्ते मौसम ज्यादातर शुष्क रहने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 29 सितंबर से लेकर तीन अक्तूबर तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है। सभी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन, सिरमौर, किन्नौर और लाहुल-स्पीति में 29 सितंबर से तीन अक्तूबर तक मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। हालांकि चार अक्तूबर को मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दिन मध्य और ऊंचाई वाले क्षेत्रों जैसे किन्नौर और लाहुल-स्पीति में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है, जबकि निचले क्षेत्रों में मौसम शुष्क ही बना रहेगा। तापमान की दृष्टि से भी इस हफ्ते ज्यादा बदलाव नहीं होगा।
अगले दो से तीन दिनों में अधिकतम तापमान धीरे-धीरे दो से तीन डिग्री तक बढ़ सकता है। प्रदेश के अधिकांश स्टेशनों पर 8:30 बजे सुबह से 5:30 बजे शाम तक बारिश शून्य रही। औसतन तापमान सामान्य से 4.2 डिग्री अधिक रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल प्रदेश में मानसून कमजोर पड़ चुका है।
अधिकतम तापमान
शिमला 27.7, सुंदरनगर 33.9, भुंतर 34.2, धर्मशाला 29.0, ऊना 36.4, नाहन 33.3 , मंडी 32.2, केलांग 24.1 और कल्पा में 25.5 डिग्री दर्ज किया गया।

