Spread the love

हमीरपुर। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने चार राज्यों की 28 विधान परिषद सीटों के चुनाव में एनडीए की जीत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि बैलेट पेपर से हुए इन चुनावों ने भी कांग्रेस समेत पूरे विपक्ष के वोट चोरी के प्रोपेगेंडा को ध्वस्त कर दिया है। चुनाव परिणामों ने स्पष्ट कर दिया है कि कांग्रेस जनता का विश्वास और अपना जनाधार खो चुकी है। अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अब भय, भ्रम, झूठ और अराजकता की राजनीति पर केंद्रित हो गई है। संवैधानिक संस्थाओं, पदों और व्यवस्थाओं पर सवाल उठाकर कांग्रेस चुनाव दर चुनाव मिल रही हार को छिपाने का प्रयास कर रही है।

कभी ईवीएम, कभी चुनाव आयोग और कभी चुनाव आयुक्त पर निराधार आरोप लगाकर जनादेश का अपमान करना कांग्रेस की राजनीति का हिस्सा बन गया है। चार राज्यों की 28 विधान परिषद सीटों के चुनाव में एनडीए की जीत और कांग्रेस की हार ने विपक्ष के दावों की पोल खोल दी है। बैलेट पेपर से हुए चुनावों में भी कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा है, जिससे उसके आरोपों की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो गए हैं। इन परिणामों से स्पष्ट है कि जनता का भरोसा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा के साथ है। अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि हाल ही में हिमाचल प्रदेश में संपन्न पंचायत चुनावों में भी जनता ने कांग्रेस को नकारते हुए भाजपा के पक्ष में जनादेश दिया है।

By admin

Leave a Reply