Spread the love

दिल्ली : दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के खिलाफ सीबीआई की एफआईआर में बड़ा दावा किया गया है। इसमें सिसोदिया के करीबी को शराब कारोबारी द्वारा एक करोड़ रुपए दिए जाने की बात कही गई है। एक करोड़ रुपए का भुगतान सिसोदिया के एक सहयोगी द्वारा संचालित कंपनी को किया गया था। एंटरटेनमेंट और इवेंट मैनेजमेंट कंपनी मच लाउडर के पूर्व सीईओ विजय नायर, पर्नोड रिकार्ड के पूर्व कर्मचारी मनोज राय, ब्रिंडको स्पिरिट्स के मालिक अमनदीप ढाल और इंडोस्पिरिट्स के मालिक समीर महेंद्रू पिछले साल नवंबर में लाई आबकारी नीति के कार्यान्वयन में अनियमितताओं में सक्रिय रूप से शामिल थे। बताया गया कि अधिकारियों के साथ मिलकर आबकारी नीति बनाने में ये लोग शामिल थे। एजेंसी का आरोप है कि बडी रिटेल प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक अमित अरोड़ा, दिनेश अरोड़ा और अर्जुन पांडे सिसोदिया के बेहद करीबी सहयोगी हैं और शराब माफियाओं से पैसा लेकर अधिकारियों तक पहुंचाने का काम कर रहे थे। सीबीआई ने आरोप लगाया है कि राधा इंडस्ट्रीज का प्रबंधन करने वाले दिनेश अरोड़ा को इंडोस्पिरिट्स के समीर महेंद्रू से एक करोड़ रुपए मिले थे। आपको बता दें कि सीबीआई की एफआईआर में 15 लोगों को नामजद किया गया है और आपराधिक साजिश एवं भ्रष्टाचार रोकथाम अधिनियम के प्रावधानों से संबंधित आईपीसी की धाराओं के तहत आरोप दर्ज किए गए हैं। सिसोदिया के अलावा, अन्य आरोपियों में तत्कालीन आबकारी आयुक्त अरवा गोपी कृष्ण, तत्कालीन उप आबकारी आयुक्त आनंद कुमार तिवारी, सहायक आबकारी आयुक्त पंकज भटनागर और नौ व्यवसायी और दो कंपनियां शामिल हैं।

By admin

Leave a Reply