हमीरपुर। जिला हमीरपुर में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। व्हाट्सऐप पर फर्जी लिंक भेजकर लाखों की ठगी की वारदात को अंजाम दिया गया है। शातिरों ने जीवन प्रमाणपत्र डाउनलोड करवाने के बहाने एक 62 वर्षीय बुजुर्ग निवासी बड़सर को अपने जाल में फंसा लिया। इसके बाद बुजुर्ग के बैंक खाते से 17 लाख 43 हजार रुपए निकाल लिए गए। हैरानी की बात यह है कि पीडि़त को ठगी का पता तत्काल नहीं चल पाया और करीब एक सप्ताह बाद बैंक खाते की जांच करने पर इतनी बड़ी रकम गायब होने का खुलासा हुआ। जब बैंक की तरफ से इस फ्राड का पता चला तो बुजुर्ग के पैरों तले जमीन खिसक गई। बाद में मामला पुलिस तक पहुंचाया गया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना सदर हमीरपुर के तहत बड़सर तहसील के तहत एक गांव के 62 वर्षीय व्यक्ति के मोबाइल पर 30 अक्तूबर, 2026 को व्हाट्सऐप के माध्यम से बैंक के नाम से जुड़ा एक लिंक प्राप्त हुआ था। इसके बाद उसे फोन कॉल आई, जिसमें फोन करने वाले व्यक्ति ने जीवन प्रमाणपत्र डाउनलोड करने के लिए कहा।
बुजुर्ग ने उनकी बातों में आकर मोबाइल पर भेजे गए लिंक को डाउनलोड कर लिया। हालांकि कुछ समय बाद उसे फोन कॉल के फर्जी होने का संदेह हुआ तथा किसी अनहोनी की आशंका के चलते उसने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया। इसके बावजूद शातिरों ने कथित तौर पर उसके बैंक खाते से बड़ी रकम निकाल ली। करीब एक सप्ताह बाद जब बुजुर्ग ने संबंधित बैंक में जाकर अपने खाते की जांच करवाई, तो खाते से 17,43,000 रुपए निकाले जाने की जानकारी मिली। खाते से इतनी बड़ी रकम गायब होने का पता चलते ही मामला पुलिस तक पहुंचा। पुलिस थाना सदर हमीरपुर में इस संबंध में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने एक बार फिर साइबर ठगों के नए-नए तरीकों से लोगों को निशाना बनाने की गंभीरता को उजागर किया है। पुलिस अधीक्षक हमीरपुर बलवीर सिंह ने लोगों से अपील है कि व्हाट्सऐप या अन्य माध्यमों से प्राप्त किसी भी अनजान लिंक को डाउनलोड न करें और बैंक या सरकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी केवल आधिकारिक माध्यमों से ही प्राप्त करें।
