कसौली। कसौली उपमंडल के अंतर्गत कुठाड़ पुलिस चौकी क्षेत्र के ढकरियाना गांव में एक महिला के घर में घुसकर उसे और उसके बेटे को रिवॉल्वर दिखाकर धमकाने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि पंजाब के गुरदासपुर जिले से आए एक युवक ने महिला के घर में जबरन प्रवेश कर दोनों पर लोडेड रिवॉल्वर तान दी। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, पंजाब के गुरदासपुर जिले के रहने वाले नरेंद्र कुमार का ढकरियाना गांव की एक महिला के साथ पुराना परिचय था। बताया जा रहा है कि महिला अब आरोपी के साथ रहना अथवा पंजाब जाना नहीं चाहती थी। इसी बात को लेकर आरोपी युवक नाराज था। गत 10 नवंबर को नरेंद्र कुमार महिला के घर में जबरन घुस आया और उसने महिला तथा उसके बेटे पर भरी हुई रिवॉल्वर तान दी। महिला किसी तरह अपनी जान बचाकर कुठाड़ पुलिस चौकी पहुंची और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।
आरोपी युवक भी महिला का पीछा करते हुए पुलिस चौकी तक पहुंच गया और वहां भी हंगामा करने लगा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सोलन के निर्देश पर थाना प्रभारी घनश्याम शर्मा कसौली के नेतृत्व में पुलिस टीम तुरंत कुठाड़ पुलिस चौकी पहुंची। पुलिस ने बेहद संयम और सूझबूझ का परिचय देते हुए आरोपी को काबू करने की कार्रवाई शुरू की। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को सुरक्षित तरीके से काबू कर लिया। आरोपी को 11 नवंबर को कसौली की अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
