हमीरपुर। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार अपने चार साल के कार्यकाल का जश्न इस बार आर्थिक उपलब्धियों के आधार पर मनाएगी। बीबीएमबी से हक की लड़ाई मुख्य बिंदु होगा। यह राज्यस्तरीय समारोह 11 दिसंबर को हमीरपुर के दोसडक़ा पुलिस मैदान में आयोजित होगा। सरकार ने आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी हैं। मुख्यमंत्री के गृह जिला में होने वाला यह समारोह चार साल की उपलब्धियों, आर्थिक फैसलों और प्रदेश के अधिकारों की लड़ाई में मिली सफलताओं को सामने रखने का बड़ा मंच बनेगा। आर्थिक मोर्चे पर सरकार की सबसे महत्त्वपूर्ण उपलब्धियों में बीबीएमबी से जुड़े दशकों पुराने बिजली विवाद में सुप्रीम कोर्ट से मिली जीत शामिल है। अदालत ने हिमाचल को 20 वर्षों में 11,973 मिलियन यूनिट बिजली देने का रास्ता साफ किया है। मुख्यमंत्री के आकलन के अनुसार इससे प्रदेश को सालाना 500 से 1000 करोड़ रुपए तक का लाभ हो सकता है। इसी तरह कड़छम-वांगतू परियोजना में रॉयल्टी 12 से बढ़ाकर 18 प्रतिशत करवाने से करीब 150 करोड़ रुपए सालाना अतिरिक्त आय की संभावना बनी है। वाइल्ड फ्लावर हॉल होटल का मामला भी सरकार के लिए बड़ी आर्थिक सफलता बनकर उभरा है। करीब 23 साल से लंबित विवाद के बाद प्रदेश को 401 करोड़ रुपए मिले हैं। होटल के संचालन के नए समझौते से अगले 35 वर्षों में करीब 2000 करोड़ रुपए की आय का अनुमान है। किशाऊ बांध परियोजना से भी प्रदेश को बड़े आर्थिक लाभ की उम्मीद है।
सरकार का प्रयास है कि जलविद्युत, पर्यटन और प्राकृतिक संसाधनों से मिलने वाले राजस्व को प्रदेश की आर्थिक मजबूती का आधार बनाया जाए। इन उपलब्धियों के साथ सरकार ने पुरानी पेंशन योजना की बहाली, महिलाओं को आर्थिक सहायता, दूध के खरीद मूल्य में बढ़ोतरी और प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन जैसे फैसलों से सामाजिक और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी केंद्र में रखा है। मुख्यमंत्री का लक्ष्य हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने के साथ वर्ष 2032 तक देश का सबसे समृद्ध राज्य बनाना है। मंडी में धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर ने पत्रकार वार्ता में कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू के कुशल नेतृत्व में ही बीबीएमबी के खिलाफ हिमाचल की लंबी कानूनी लड़ाई निर्णायक मुकाम तक पहुंची है। किशाऊ, वाइल्ड फ्लावर हॉल और बिजली परियोजनाओं से जुड़े फैसले प्रदेश के खजाने में हजारों करोड़ रुपए जुटाने का आधार बनेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि हिमाचल आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ेगा और कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव में फिर सत्ता में लौटेगी। हमीरपुर में भोरंज के विधायक सुरेश कुमार ने कहा कि सरकार के चार साल पूरे होने का राज्यस्तरीय समारोह हमीरपुर में होना जिला के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू ने आर्थिक चुनौतियों के बावजूद प्रदेश के हितों और विकास को प्राथमिकता दी है। दोसडक़ा का समारोह सरकार की इसी विकास यात्रा और उपलब्धियों को जनता के सामने रखने का अवसर होगा।
