शिमला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने हिमाचल प्रदेश में लगातार सामने आ रही हत्या, गोलीबारी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के लगभग चार वर्षों के कार्यकाल में प्रदेश की कानून-व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है और शांतिप्रिय हिमाचल प्रदेश अपराधियों की गतिविधियों के कारण क्राइम कैपिटल बनता दिखाई दे रहा है। डा. बिंदल ने कहा कि पिछले चार-पांच दिन के भीतर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में सामने आई आपराधिक घटनाएं अत्यंत चिंताजनक हैं।

उन्होंने कहा कि जिस प्रकार थार गाड़ी चढ़ाकर दो लोगों की निर्मम हत्या किए जाने की घटना सामने आई, वह अपराधियों की बढ़ती बेखौफ प्रवृत्ति का उदाहरण है। नालागढ़ में सरेआम गोलीबारी की घटनाओं ने भी कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि अपराधियों के मन से कानून और पुलिस का भय समाप्त होता जा रहा है।

जांच की मांग

डा. बिंदल ने कहा कि ये घटनाएं केवल कुछ दिनों की नहीं, बल्कि प्रदेश में बिगड़ती कानून-व्यवस्था की गंभीर स्थिति की ओर संकेत करती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चंबा से सिरमौर और ऊना से किन्नौर तक अपराध की घटनाओं ने प्रदेश की शांतिपूर्ण पहचान को प्रभावित किया है। दलित युवक की हत्या जैसी गंभीर घटनाओं के बाद भी अपराधों का सिलसिला थमता दिखाई नहीं दे रहा है। बिंदल ने प्रदेश सरकार से मांग की कि सभी गंभीर आपराधिक मामलों की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच सुनिश्चित की जाए, दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई हो तथा प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं।

By admin

Leave a Reply