शिमला। हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले सोमवार को प्रदेश भर से आए पेंशनरों ने राजधानी के चौड़ा मैदान में धरना प्रदर्शन किया। सुबह 11:00 बजे लंबित देनदारियों को लेकर प्रदर्शन कर रहे पेंशनरों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। साथ ही यहां से गुजर रहे विधायकों की गाड़ियां भी रोक दीं। सड़क पर प्रदर्शन कर रहे पेंशनरों को देखने के बाद विधानसभा आ रहे भाजपा विधायक प्रकाश राणा को गाड़ी वापस मोड़नी पड़ी। इन्हें बाद में बालूगंज क्रॉसिंग होते हुए रवाना होना पड़ा। वहीं विधायक रीना कश्यप को भी गाड़ी से उतरना पड़ा। विधायक पैदल ही विधान सभा के लिए पहुंची। प्रदर्शन के दौरान पेंशनर नेताओं ने प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला और लंबित देनदारियों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
