Spread the love

घुमारवीं। शहर से सटे कुलारू में रविवार तडक़े आग ने भीषण तांडव मचाया। स्वराज ट्रैक्टर एजेंसी में लगी भीषण आग ने देखते ही देखते पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लिया। अग्निकांड में छह बड़े और एक छोटा ट्रैक्टर, दो मोटरसाइकिलों समेत करीब सवा करोड़ रुपए का सामान जलकर राख हो गया। आग इतनी भयंकर थी कि उस पर काबू पाने के लिए अग्निशमन कर्मियों को क्रेन की मदद से भवन का शेल्टर तक तोडऩा पड़ा। गनीमत रही कि इस अग्निकांड में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। आग लगने की सूचना मिलते ही घुमारवीं अग्निशमन केंद्र की टीम मौके पर पहुंची। आग की भयावहता को देखते हुए बिलासपुर से भी अग्निशमन विभाग की टीम बुलाई गई। दोनों केंद्रों के कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत कर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन भवन के भीतर आग की लपटें इतनी तेज थीं कि अंदर जाना मुश्किल हो रहा था।

भवन के एक तरफ ताला लगा हुआ था, जबकि दूसरी ओर ट्रैक्टर और लुब्रिकेंट आग की चपेट में थे। ऐसे में पहले क्रेन की मदद से भवन का शेल्टर तोड़ा गया और उसके बाद पानी की बौछारें डालंकर आग पर काबू पाया गया। पूरे नुकसान की बता की जाए, तो अग्निकांड में छह बड़े और एक छोटा ट्रैक्टर, दो मोटरसाइकिलें, एक रोटाविटर, तीन लैपटॉप, एलईडी, टीवी, स्पेयर पाट्र्स, लुब्रिकेंट और फर्नीचर सहित अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। प्रारंभिक आकलन के अनुसार इस घटना में करीब सवा करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। एजेंसी मालिक नरेश कुमार ने बताया कि शनिवार शाम को वह एजेंसी बंद करके घर चले गए थे। रविवार सुबह मॉर्निग वॉक पर जा रहे एक व्यक्ति ने उन्हें फोन कर एजेंसी के भीतर से धुआं निकलने की सूचना दी। जब वह मौके पर पहुंचे तो आग विकराल रूप ले चुकी थी। इसके बाद उन्होंने अग्निशमन विभाग और पुलिस को सूचित किया।उधर, पुलिस थाना घुमारवीं की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। डीएसपी विशाल वर्मा ने भी घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

By admin

Leave a Reply