Spread the love

शिमला। राजधानी शिमला में रविवार को भारतीय जनता पार्टी ने ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत पदयात्रा निकाली। इस कार्यक्रम में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा भी शामिल हुए। पदयात्रा के माध्यम से भाजपा ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर के मुद्दे को लेकर अपनी बात जनता तक पहुंचाने की कोशिश की।कार्यक्रम की शुरुआत सुबह करीब 10 बजे पुराने बस स्टैंड के समीप गुरुद्वारा साहिब की पार्किंग से हुई। यहां से भाजपा कार्यकर्ता और नेता विक्ट्री टनल तथा विधानसभा मार्ग से होते हुए चौड़ा मैदान पहुंचे। यहां जनसभा का आयोजन किया गया।

प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने लिया हिस्सा
पार्टी की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, सांसद अनुराग ठाकुर और सांसद सुरेश कश्यप सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार ने कार्यक्रम को लेकर प्रदेशभर से कार्यकर्ताओं के पहुंचने की जानकारी दी। आयोजकों के अनुसार, पदयात्रा में 8 से 10 हजार कार्यकर्ताओं की भागीदारी का लक्ष्य था।

जनसभा स्थल पर तैयारियों का निरीक्षण
कार्यक्रम से एक दिन पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने चौड़ा मैदान पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया था। उन्होंने जनसभा स्थल पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और पार्टी पदाधिकारियों से आयोजन से जुड़ी जानकारी ली। साथ ही कार्यक्रम के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

एसआईआर के मुद्दे पर भाजपा ने रखा अपना पक्ष
भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि कांग्रेस एसआईआर की प्रक्रिया को लेकर लोगों के बीच भ्रम पैदा कर रही है। उनके अनुसार, पार्टी पदयात्रा और जनसभा के जरिए इस मुद्दे पर जनता को अपना पक्ष बताएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया से जुड़े विषयों को लेकर लोगों के बीच जाएगी। एसआईआर को लेकर कांग्रेस की ओर से उठाए जा रहे सवालों का जवाब देना भी इस अभियान का हिस्सा है।

 

By admin

Leave a Reply