कांगड़ा। भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश की प्रदेश पदाधिकारी बैठक मंगलवार को कांगड़ा में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस बैठक में संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार, सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज, प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल व पायल वैद्य तथा विधायक पवन काजल सहित वरिष्ठ पदाधिकारियों ने संगठनात्मक गतिविधियों और बूथ सशक्तिकरण पर विस्तृत मंथन किया। बैठक के बाद डॉ. राजीव बिंदल ने घोषणा की कि कांग्रेस सरकार की महिलाओं को 1500 रुपये मासिक देने की अधूरी गारंटी के विरोध में 19 नवंबर को धर्मशाला के जोरावर स्टेडियम में महिलाओं का विशाल धरना-प्रदर्शन होगा, जिसका मुख्य नारा “1500 नहीं, 72 हजार चाहिए; चुनिंदा बहनें नहीं, सभी 28 लाख बहनों को अधिकार चाहिए” रहेगा।
संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने के लिए आगामी कार्ययोजना की जानकारी देते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि 18 नवंबर को युवा मोर्चा की कार्यसमिति बैठक पालमपुर में, 19 नवंबर को किसान मोर्चा की देहरा में, 20 नवंबर को अनुसूचित जाति मोर्चा की पालमपुर में, 21 नवंबर को महिला मोर्चा की ऊना में तथा 22 नवंबर को अन्य पिछड़ा वर्ग मोर्चा की बैठक ज्वालामुखी में आयोजित की जाएगी। इसके अतिरिक्त, पहली से 25 दिसंबर तक सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में ‘सेवादूत अभियान’ चलाया जाएगा और प्रत्येक पोलिंग बूथ पर 51 कार्यकर्ताओं की सशक्त टीम तैयार कर जनसंपर्क को व्यापक बनाया जाएगा।

By admin

Leave a Reply