धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए शीतकालीन अवकाश वाले विद्यालयों की तीसरी, पांचवीं और आठवीं कक्षा के नियमित विद्यार्थियों की वार्षिक परीक्षाओं की डेटशीट जारी कर दी है। बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि तीसरी और पांचवीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाएं 14 से 18 दिसंबर तक आयोजित की जाएंगी, जबकि आठवीं कक्षा की परीक्षाएं 7 से 19 दिसंबर तक चलेंगी। ये सभी परीक्षाएं प्रातःकालीन सत्र में सुबह 09:45 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक संचालित होंगी।
अध्यक्ष ने बताया कि परीक्षाओं के सुचारू और व्यवस्थित संचालन के लिए बोर्ड द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं तथा सभी प्रधानाचार्यों व मुख्याध्यापकों से समय रहते आवश्यक तैयारियां पूरी करने का आग्रह किया गया है। संबंधित विद्यालय, अभिभावक और परीक्षार्थी इन परीक्षाओं की विस्तृत डेटशीट हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट (hpbose.org) पर जाकर देख सकते हैं।
