शिमला, ब्यूरो। हिमाचल प्रदेश में सर्दी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। राज्य के जनजातीय क्षेत्रों में रात का तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है, वहीं मैदानी इलाकों में भी रातें राजधानी शिमला के मुकाबले ज्यादा ठंडी हो गई हैं। गुरुवार को सुंदरनगर, ऊना और बिलासपुर का न्यूनतम तापमान शिमला (9.0 डिग्री) से कम दर्ज किया गया। शिमला की तुलना में सुंदरनगर में रात का पारा 3.6 डिग्री, ऊना में 1.7 डिग्री और बिलासपुर में 1.5 डिग्री सेल्सियस कम रहा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश में आगामी 25 नवंबर तक मौसम शुष्क बना रहेगा और बारिश या बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है, हालांकि रात के तापमान में और गिरावट आ सकती है।

मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में माइनस 3.8 डिग्री और केलांग में माइनस 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिक ठंड के कारण जनजातीय क्षेत्रों में झरनों, झीलों और प्राकृतिक जल स्रोतों का पानी जमना शुरू हो गया है। इसके अलावा मनाली में 2.8, कल्पा व सेओबाग में 3.0, बजौरा में 3.4, भुंतर में 3.7, सोलन में 5.0, सुंदरनगर में 5.4, चंबा में 5.8, बरठीं में 6.1, मंडी में 6.2, पालमपुर में 6.5, ऊना में 7.3, बिलासपुर में 7.5, कांगड़ा में 7.9, भरमौर में 8.0, जुब्बड़हट्टी में 10.0, नाहन में 11.1, धर्मशाला में 12.0, नेरी में 12.1, सराहन में 15.3 और पांवटा साहिब में 16.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।

रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश के सात मौसम केंद्रों पालमपुर, मंडी, नाहन, चंबा, बिलासपुर, भुंतर और सोलन में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे चल रहा है। हालांकि, दिन के समय पूरे प्रदेश में धूप खिलने से पहाड़ों में मौसम सुहावना बना हुआ है और मैदानी क्षेत्रों में हल्की गर्माहट महसूस की जा रही है, लेकिन सूर्यास्त के बाद पारा लुढ़कने से ठिठुरन बढ़ रही है।

By admin

Leave a Reply