Spread the love

मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सरकाघाट उपमंडल की धनालग पंचायत के शिकंद्रा गांव में मंगलवार सुबह जहरीले पदार्थ के सेवन से 49 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उसकी 23 वर्षीय बेटी अस्पताल में उपचाराधीन है। प्रारंभिक जांच में मां-बेटी के गलती से जहरीले पदार्थ का सेवन करने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार सुमा देवी (49) पत्नी हेम सिंह और उनकी 23 वर्षीय बेटी की मंगलवार सुबह करीब आठ बजे अचानक तबीयत बिगड़ गई। दोनों की हालत खराब होने पर हेम सिंह उन्हें निजी वाहन से श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल नेरचौक ले गए।

अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने सुमा देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं उनकी बेटी को भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। चिकित्सकों के अनुसार बेटी की हालत में सुधार हो रहा है। हालांकि, मां-बेटी की तबीयत अचानक बिगड़ने और जहरीले पदार्थ के सेवन के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। डीएसपी सरकाघाट संजीव गौतम ने बताया कि परिजनों के बयान के आधार पर प्रथम दृष्टया मां-बेटी के गलती से जहरीले पदार्थ का सेवन करने की आशंका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

By admin

Leave a Reply