Spread the love

कुल्लू। अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के समापन समारोह में ऐतिहासिक लाल चंद्र प्रार्थी कलाकेंद्र के मंच से मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने केंद्र सरकार और प्रदेश की पूर्व भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश ने आर्थिक संकट और प्राकृतिक आपदा की चुनौतियों का सामना किया है, लेकिन वर्तमान सरकार इन परिस्थितियों के बावजूद विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने आपदा प्रभावित प्रदेश को 1500 करोड़ रुपए देने की घोषणा ट्वीट के माध्यम से की थी, लेकिन यह राशि अभी तक नहीं मिली है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश को आपदा से उबारने के लिए सरकार ने अपने स्तर पर प्रयास किए।

आपदा प्रभावित परिवारों को घर बनाने के लिए दी जाने वाली आर्थिक सहायता पहले सात लाख रुपए और फिर बढ़ाकर आठ लाख रुपए की गई। उन्होंने कहा कि सरकार उन रास्तों से संसाधन जुटा रही है, जहां भ्रष्टाचार के दरवाजे बंद किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से 2022 तक प्रदेश में रही भाजपा सरकार ने कुल्लू के विकास के लिए अपेक्षित काम नहीं किए।

सत्ता सुख के लिए नहीं, व्यवस्था परिवर्तन के लिए आए हैं

अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश सरकार की कार्यशैली और जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि वह सत्ता के सुख के लिए नहीं, बल्कि व्यवस्था परिवर्तन के उद्देश्य से मुख्यमंत्री बने हैं। भाजपा का मुकाबला केवल भाषणों से नहीं, बल्कि आम जनता के हित में किए जा रहे कार्यों से किया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के नेताओं द्वारा मंच पर मुझे सुक्खू महाराज कहा जाता है, लेकिन मैं कोई महाराज नहीं हूं। मैं एक आम परिवार से निकला हूं और जनता के आशीर्वाद से मुख्यमंत्री बना हूं।

हिमाचल को समृद्ध बनाने के लिए कांग्रेस को वोट दें

अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के समापन अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आगामी चुनावों को लेकर जनता से सीधा संवाद किया। मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने और वर्ष 2032 तक देश के सबसे समृद्ध राज्यों की श्रेणी में शामिल करने का लक्ष्य सामने रखते हुए लोगों से कांग्रेस पार्टी के पक्ष में समर्थन मांगा। उन्होंने कुल्लू की जनता से विधायक सुंदर सिंह ठाकुर के पक्ष में भी समर्थन मांगते हुए पूछा कि क्या वे सुंदर ठाकुर को वोट देंगे? मुख्यमंत्री का यह संबोधन ऐसे समय में आया है, जब प्रदेश सरकार आत्मनिर्भर हिमाचल के लक्ष्य को लेकर अपनी नीतियों और योजनाओं को जनता के सामने रख रही है। उन्होंने अपने वक्तव्य के माध्यम से लोगों को प्रदेश के विकास के लिए सरकार के साथ खड़े होने का आह्वान किया।

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर सियासी प्रहार

सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर तंज कसते हुए कहा कि विधानसभा में जब विधायक सुंदर सिंह ठाकुर की बारी आती थी, तो जयराम ठाकुर को परेशानी होती थी। उन्होंने सुंदर सिंह ठाकुर को सच बोलने वाला नेता बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जयराम ठाकुर भाषणों और सोशल मीडिया पर सक्रिय रहते हैं और आजकल जगह-जगह दौरे कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने राजस्व घाटा अनुदान का मुद्दा उठाते हुए कहा कि प्रदेश को पिछले 75 वर्षों से मिल रहे करीब 10 हजार करोड़ रुपए के अनुदान को केंद्र सरकार ने बंद कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने प्रदेश के हक छीने, जबकि कांग्रेस सरकार ने जनता के अधिकारों के लिए लड़ाई लड़ी। उन्होंने कहा कि तमाम आर्थिक चुनौतियों के बावजूद प्रदेश सरकार विकास कार्य जारी रखे हुए है।

हिमाचल में 100 और सीबीएसई स्कूल खुलेंगे

अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के समापन समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेशवासियों को बड़ी सौगात देने का ऐलान किया। ऐतिहासिक लाल चंद प्रार्थी कलाकेंद्र के मंच से मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि हिमाचल प्रदेश में 100 और केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) से संबद्ध स्कूल खोले जाएंगे। सरकार का लक्ष्य विद्यार्थियों को उनके घर और गांव के नजदीक ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाना हैए ताकि बेहतर शिक्षा के लिए बच्चों को दूरदराज के क्षेत्रों का रुख न करना पड़े।

महिलाओं के नाम संपत्ति की रजिस्ट्री पर 4% शुल्क

हिमाचल प्रदेश में महिलाओं के नाम संपत्ति की रजिस्ट्री करवाना अब सस्ता होगा। मुख्यमंत्री सुक्खू ने अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव के समापन अवसर के दौरान महिलाओं को बड़ी राहत देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के नाम पर होने वाली संपत्ति की रजिस्ट्री पर अब चार प्रतिशत शुल्क लिया जाएगा, जबकि पुरुषों के लिए यह दर आठ प्रतिशत है। सरकार जल्द ही इस संबंध में अधिसूचना जारी करेगी। मुख्यमंत्री की इस घोषणा को महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और संपत्ति में उनकी भागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्त्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। उन्होंने कहा कि पेंशनरों को पांच प्रतिशत महंगाई भत्ता भी प्रदेश सरकार दे रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर चुनौती का सामना करते हुए हिमाचल के विकास के लिए काम कर रही है।

By admin

Leave a Reply