शिमला। हिमाचल प्रदेश में दिवाली के त्योहार पर स्कूली बच्चों को पांच दिन की छुट्टियां मिलेंगी। त्योहार के चलते छह नवंबर से 10 नवंबर तक स्कूल बंद रहेंगे। ऐसे में दूसरे राज्यों में पढ़ाई कर रहे हिमाचली विद्यार्थियों को घर लौटने और परिवार के साथ दिवाली मनाने का मौका मिलेगा। वहीं, दिल्ली, चंडीगढ़ और पंजाब से हिमाचल आने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की ओर से विशेष बसें चलाने की तैयारी है। शिक्षा विभाग के अवकाश कैलेंडर के अनुसार, दिवाली के मौके पर स्कूलों में त्योहार के लिए दो दिन पहले और दो दिन बाद अवकाश निर्धारित है। इसके साथ रविवार की छुट्टी जुडऩे से विद्यार्थियों को लगातार पांच दिन स्कूल नहीं जाना पड़ेगा। 11 नवंबर को भैया दूज के अवसर पर महिला कर्मचारियों और शिक्षकों को भी विशेष अवकाश मिलेगा। इससे उन्हें त्योहार के बाद परिवार के साथ समय बिताने का अवसर मिलेगा।
दिवाली के दौरान स्कूलों की छुट्टियों के अलावा सरकारी कर्मचारियों और निजी क्षेत्र में काम करने वाले लोगों के अवकाश का कार्यक्रम अलग रहेगा। निजी नौकरीपेशा लोगों को इस बार दिवाली पर केवल एक दिन की छुट्टी मिलने की जानकारी है। ऐसे में बाहर नौकरी करने वाले हिमाचलियों को घर आने-जाने की योजना सीमित समय को ध्यान में रखकर बनानी होगी। इसके बाद 24 नवंबर को गुरु नानक जयंती के अवसर पर सरकारी अवकाश रहेगा। त्योहारों के इस दौर में बसों में यात्रियों की भीड़ बढऩे की संभावना है। ऐसे में एचआरटीसी की विशेष बस सेवाओं से बाहरी राज्यों में रहने वाले हिमाचलियों को घर पहुंचने में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
