शिमला। हिमाचल सरकार ने गुरुवार को पुलिस विभाग में फेरबदल करते हुए छह एचपीएस अधिकारियों के तबादला और तैनाती के आदेश जारी किए हैं। इसके अलावा डीएसपी हरीश कुमार शर्मा को पुलिस लाइन भराड़ी में तैनात किया गया है। प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव केके पंत ने इस बारे में आदेश जारी किए हैं। अधिसूचना के अनुसार, जुंगा स्थित प्रथम हिमाचल प्रदेश सशस्त्र पुलिस बटालियन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात बबीता राणा को फस्ट आईआरबीएन वनगढ़ ऊना में एएसपी लीव रिजर्व लगाया गया है। ऊना जिला में डीएसपी विजिलेंस के पद पर कार्यरत फिरोज खान को डीएसपी इंटेलिजेंस शिमला के पद पर तैनाती दी गई है।
इसी तरह, पंडोह स्थित थर्ड आईआरबीएन में डीएसपी अजय कुमार-तीन को कुल्लू जिला के मनाली में डीएसपी के पद पर नियुक्त किया गया है। पुलिस मुख्यालय शिमला में तैनाती की प्रतीक्षा कर रहे डीएसपी संजीव कुमार-चार को डीएसपी लीव रिजर्व, शिमला लगाया गया है। वहीं, ऊना में डीएसपी मुख्यालय के पद पर कार्यरत हेम राज को पुलिस मुख्यालय शिमला में डीएसपी लीव रिजर्व की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मनाली के डीएसपी विक्रांत बोंसरा, जिनके पास लाहुल-स्पीति जिला के केलांग में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के डीएसपी का अतिरिक्त कार्यभार भी था, को पुलिस मुख्यालय शिमला में डीएसपी लीव रिजर्व के पद पर तैनात किया गया है।
