Spread the love

अंब। अंब-ऊना मार्ग पर कृष्णा नर्सरी के पास गत मंगलवार रात एचआरटीसी बस और मोटरसाइकिल के बीच हुई जोरदार टक्कर में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान योगेश कुमार (19) पुत्र राम प्रकाश और अमन भाटिया (17) पुत्र वीरबल, निवासी स्तोथर, तहसील अंब, के रूप में हुई है। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार रात करीब पौने 11 बजे कृष्णा नर्सरी के पास ऊना से अंब की ओर आ रही एक बस और अंब से ऊना की तरफ जा रही मोटरसाइकिल के बीच ज़ोरदार टक्कर हो गई। हादसे में मोटरसाइकिल सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं मौके पर एकत्रित लोगों और बस में सवार यात्रियों ने घायलों को उपचार के लिए सिविल हॉस्पिटल अस्पताल अंब पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

बस शिमला से भरमौर जा रही थी, जबकि बाइक सवार मृतक अंब में रामलीला देखने के बाद अपने घर की ओर जा रहे थे। मृतक अमन जमा दो कक्षा में पढ़ता था, जबकि योगेश हाल ही में एक उद्योग में लगा था। दोनों के माता-पिता खेतीबाड़ी करते हैं। वहीं इस बारे में डीएसपी अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल और अस्पताल में आवश्यक कार्रवाई करने के बाद शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कारवाई शुरू कर दी गई है।

By admin

Leave a Reply