बिलासपुर। फेस्टिवल सीजन समाप्त होने के साथ ही कामधेनु हितकारी मंच ने आम उपभोक्ताओं को झटका देते हुए अपने दुग्ध उत्पादों—दूध, दही, पनीर और घी—के दामों में बढ़ोतरी कर दी है। मिठाइयों की कीमतों में पहले ही इजाफा करने के बाद अब मंच द्वारा तैयार किए जाने वाले अन्य डेयरी उत्पाद भी नई बढ़ी हुई दरों पर उपलब्ध होंगे। नई दरों के अनुसार, व्यासधून दूध की कीमत 66 रुपये से बढ़ाकर 70 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है, जबकि पनीर के दाम 350 रुपये से बढ़कर 400 रुपये प्रति किलोग्राम हो गए हैं। इसी तरह घी की कीमत में 100 रुपये का उछाल आया है, जिससे यह अब 830 रुपये के बजाय 930 रुपये प्रति किलोग्राम मिलेगा, वहीं दही के दामों में भी चार से पांच रुपये की वृद्धि की गई है।
कीमतों में इस बढ़ोतरी के पीछे पशु चारे और फीड की लगातार बढ़ती लागत को मुख्य कारण माना जा रहा है। कामधेनु हितकारी मंच के महासचिव जीतराम कौंडल ने बताया कि मंच के साथ लगभग सात हजार किसान परिवार जुड़े हुए हैं, जिन्हें मंच द्वारा तूड़ी और पशु आहार उपलब्ध करवाया जाता है। स्थानीय स्तर पर तूड़ी की उपलब्धता कम होने के कारण इसे पंजाब से मंगवाया जाता है, जिसकी कीमत पहले के एक हजार रुपये प्रति क्विंटल से बढ़कर अब 1400 से 1500 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गई है। इसके अतिरिक्त पशुओं की फीड और अन्य आवश्यक उत्पादों के महंगा होने के कारण दुग्ध उत्पादों की दरें बढ़ाना मजबूरी बन गया है।
