बद्दी। औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में दिवाली के बाद भी प्रदूषण का स्तर चिंताजनक बना हुआ है। यहां वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 203 तक पहुंच गया, जिससे बद्दी की हवा प्रदेश के अन्य शहरों के मुकाबले सबसे अधिक प्रदूषित दर्ज की गई। दिवाली की रात आतिशबाजी के बाद हवा की गुणवत्ता बिगड़ी और त्योहार के बाद भी इसमें अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।आंकड़ों के अनुसार, रविवार सुबह बद्दी का एक्यूआई 190 दर्ज किया गया था। सात नवंबर को भी यहां वायु गुणवत्ता खराब स्थिति में बनी रही। रविवार को औद्योगिक इकाइयां बंद रहने के कारण प्रदूषण के स्तर में कुछ गिरावट आई, लेकिन सोमवार शाम तक एक्यूआई फिर बढ़कर 203 पहुंच गया। यह स्तर खराब श्रेणी में आता है।
हिम परिवेश संस्था के अध्यक्ष लक्ष्मी चंद ठाकुर ने कहा कि कई औद्योगिक इकाइयों में अपशिष्ट जल शोधन संयंत्र (ईटीपी) नियमित रूप से संचालित नहीं किए जाते। उन्होंने इस व्यवस्था को लेकर चिंता जताई।
सड़कों की धूल भी प्रदूषण की वजह
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड बद्दी के अधिशासी अभियंता अतुल परमार ने बताया कि बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ (बीबीएन) क्षेत्र में सड़कों की खराब हालत के कारण वाहनों की आवाजाही के दौरान धूल उड़ती है। इससे वायु गुणवत्ता प्रभावित होती है। उन्होंने बताया कि सड़कों की स्थिति में सुधार के लिए संबंधित विभागों को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है।
