आनी(कुल्लू)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आनी में नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सम्मान समारोह में प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अपने लोगों की परेशानियां दूर करने और उनका बोझ कम करने का सुख अलग होता है। इसी क्षेत्र में जन्म लेने और पले-बढ़े होने के कारण वह यहां के लोगों की समस्याओं और दुश्वारियों को अच्छी तरह समझते हैं।जनसभा को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि उनकी पिछली सरकार ने लोगों की सुविधाओं के लिए काम किया और कोविड महामारी के बावजूद सड़क निर्माण के क्षेत्र में रिकॉर्ड बनाए। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने बुजुर्गों को पेंशन देने की दिशा में पहली कैबिनेट में ही प्रयास शुरू किए थे।
आनी में संस्थान बंद करने का लगाया आरोप
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सत्ता संभालने के बाद लोगों की सुविधा के लिए खोली गई एक हजार से अधिक संस्थाओं को बंद कर दिया। उन्होंने कहा कि आनी विधानसभा क्षेत्र में विद्यालयों, अस्पतालों और सरकारी कार्यालयों के साथ आधा दर्जन से अधिक पशु चिकित्सालय भी बंद किए गए। उन्होंने कहा कि आनी क्षेत्र पशुपालन और दुग्ध उत्पादन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे में पशुओं के उपचार के लिए पशु चिकित्सालयों की आवश्यकता है। उन्होंने सरकार पर पशुपालकों की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
जयराम ठाकुर ने कहा कि डबल इंजन की सरकार बनने पर हिमाचल प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में एकजुट होकर काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अगली सरकार बनाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा और भाजपा के लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ना होगा।
