चंबा। पांचवीं कक्षा की छात्रा वंशिका की आंखों में आए आंसू और मां से दूर रहने की पीड़ा आखिरकार रंग लाई। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने चुराह दौरे के दौरान छात्रा वंशिका से किया अपना वादा पूरा करते हुए उसकी मां नारो देवी का करीब 700 किलोमीटर दूर शिमला जिले के नेरवा से चंबा जिले के तीसा शिक्षा खंड में तबादला कर दिया है। स्कूल शिक्षा निदेशालय ने वीरवार को इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। मुख्यमंत्री के इस फैसले से लंबे समय से मां से दूर रह रही वंशिका और उसके परिवार ने राहत की सांस ली है।
