Spread the love

शिमला। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रहा है। निगम की ओर से 30 जुलाई 2026 को नई इलेक्ट्रिक बसों का लोकार्पण और हिम-बस प्लस स्मार्ट ट्रैवल कार्ड का शुभारंभ किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 10:30 बजे एचपीटीडीसी होटल मेघदूत (जिला सोलन) में होगा। ग्रीन, स्मार्ट यलो और सम्मान कार्ड हिम बस प्लस में समायोजित हो जाएंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू होंगे, जबकि उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री भी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे।

नई इलेक्ट्रिक बसों के शामिल होने से प्रदेश में हरित एवं स्मार्ट सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा। इससे यात्रियों को आरामदायक, आधुनिक और प्रदूषण रहित यात्रा सुविधा उपलब्ध होगी, वहीं डीजल आधारित बसों पर निर्भरता भी कम होगी। इसी अवसर पर हिम-बस प्लस स्मार्ट ट्रैवल कार्ड की शुरुआत भी की जाएगी। यह कार्ड यात्रियों को डिजिटल भुगतान के माध्यम से टिकट लेने की सुविधा देगा। इससे नकदी रहित लेनदेन को बढ़ावा मिलने के साथ टिकटिंग व्यवस्था अधिक पारदर्शी और सुविधाजनक बनेगी। निगम का मानना है कि स्मार्ट कार्ड के उपयोग से नियमित यात्रियों को बेहतर और तेज सेवाएं मिलेंगी।

By admin

Leave a Reply