Spread the love

शिमला। हिमाचल प्रदेश राज्य चुनाव आयोग ने पंचायत चुनाव को लेकर राज्य के सभी जिला अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं। राज्य चुनाव आयोग द्वारा पहले ही चुनाव की तिथि का ऐलान कर दिया है। अब ऐसे में जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्वाचन आयोग द्वारा तय तिथि के अनुसार अपने-अपने जिला में चुनाव कार्यक्रम आयोजित करने होंगे। इस संबंध में गुरुवार को अधिसूचना जारी की गई है। जिला निर्वाचन अधिकारियों को अब तय करना है कि किस पंचायत में कब चुनाव होंगे। हिमाचल प्रदेश में इस बार 3754 पंचायतों में 31,182 वार्ड सदस्यों, 3754 पंचायत प्रधानों, 3754 उपप्रधानों, 1769 पंचायत समिति सदस्यों और 251 जिला परिषद सदस्यों के लिए चुनाव होंगे। मतदान प्रक्रिया मतपत्रों के माध्यम से होगी।

आयोग ने महिला मतदान केंद्र अलग से बनाने के निर्देश दिए हैं और इनमें महिला अधिकारियों की तैनाती की जाएगी। आवश्यकता पडऩे पर सहायक मतदान केंद्र भी बनाए जाएंगे। वहीं, कुल्लू जिले की चार पंचायतों, विकास खंड नग्गर की करजां व सोयल और विकास खंड आनी की जाबन व नम्होग का कार्यकाल नौ फरवरी, 2027 को समाप्त होगा। इन चार पंचायतों में पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्य का ही चुनाव होगा।

प्रदेश में सात मई से शुरू होगी नामांकन की प्रक्रिया

चुनाव आयोग द्वारा जारी चुनाव कार्यक्रम की अधिसूचना के तहत पंचायतों में सात, आठ और 11 मई को सुबह 11 बजे से तीन बजे तक नामांकन भरे जाएंगे। नामांकन पत्रों की जांच 12 मई सुबह 10 बजे से होगी। नाम वापसी 14 व 15 मई को सुबह 10 बजे से तीन बजे के मध्य की जाएगी। राज्य में प्रथम चरण के मतदान 26 मई, द्वितीय चरण 28 मई और तृतीय चरण 30 मई को होंगे। मतगणना वार्ड सदस्य, प्रधान और उप प्रधान की मतदान के बाद होगी। पंचायत समिति व जिला परिषद सदस्यों की मतगणना 31 मई को सुबह नौ बजे से होगी।

सोलन वार्ड 10 में भाजपा में टिकट को लेकर विवाद

सोलन —नगर निगम सोलन चुनाव से पहले भाजपा में अंदरूनी कलह सामने आने लगी है। वार्ड नंबर 10 में टिकट को लेकर नाराज नेताओं ने मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को भाजपा नेताओं विवेक डोभाल, अनिल शर्मा और शशि इंद्र वालिया ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर पार्टी नेतृत्व पर नाराजगी जताई। नेताओं ने कहा कि वार्ड नंबर 10 में टिकट को लेकर कार्यकर्ताओं की राय को नजरअंदाज किया जा रहा है।

By admin

Leave a Reply