शिमला/कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में अत्यधिक बारिश की चेतावनी आई है। राज्य के चार जिलों में जोरदार बारिश होगी जिसका ऑरेंज अलर्ट आ गया है। 30 व 31 अगस्त को चार जिले ऊना, मंडी, सिरमौर और कांगड़ा में भारी से बहुत भारी बारिश कुछ क्षेत्रों में हो सकती है। वहीं मौसम विभाग ने अगले 18 घंटे यानि शुक्रवार रात को प्रदेश के कांगड़ा, मंडी, सिरमौर व ऊना के कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट दिया है। 2 सितंबर तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने वाला है। मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार 29 अगस्त की रात को भी भारी वर्षा कुछ स्थानों पर होने की संभावना है। इनमें ऊना, सिरमौर, कांगड़ा और मंडी जिला में एक दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होगी। वीरवार की रात को भी प्रदेश के कई इलाकों में सुबह तक जोरदार बारिश का क्रम जारी रहा है। 30 अगस्त शनिवार को चंबा, कुल्लू और कांगड़ा जिलों में एक दो स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं ऊना, बिलासपुर, मंडी और शिमला जिलों में भी एक दो स्थानों पर भारी बारिश का यलो अलर्ट है। 31 अगस्त को हमीरपुर, बिलासपुर, चंबा, कुल्लू, सोलन, किन्नौर और शिमला जिलों में एक दो स्थानों पर भारी वर्षा का यलो अलर्ट रहेगा। पहली सितंबर को अगले महीने की शुरूआत में ऊना, मंडी, शिमला, सिरमौर और बिलासपुर जिलों में एक दो स्थानों पर भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है।
इसी तरह से 2 सितंबर को शिमला, सिरमौर और मंडी जिलों में एक दो स्थानां पर भारी वर्षा होने की संभावना है जहां के लिए यलो अलर्ट दिया गया है। मौसम विभाग ने गरज के साथ बिजली चमकने का पूर्वानुमान भी कुछ जिलों में दिया है। इसमें ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिला में एक दो स्थानों पर गरज के साथ बिजली चमकने की संभावना है। शिमला में बादलों की गडग़ड़ाहट शुक्रवार शाम को शुरू हो गई थी। यहां वीरवार रात को जमकर बारिश हुई वहीं शुक्रवार सुबह धूप खिल गई। दोपहर तक मौसम ठीक रहा मगर दोपहर बाद यहां पर बारिश का दौर शुरू हो गया। शुक्रवार सुबह तक हुई बारिश की बात करें तो जतौन बैराज सिरमौर में 138 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है वहीं पालमपुर में 91.4,संधोल में 77.8,पांवटा साहिब में 75, कसौली में 62, सोलन में 57.8, गोहर में 55.6, बिलासपुर में 50.4, मुरारी देवी में 48.4, नगरोटा सूरियां में 48.2 और काहू में 45.5 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। इसके अलावा नाहन, सोलन, भराड़ी, सुन्नी भज्जी, शिमला, मनाली, कुल्लू, कंडाघाट, सुन्दरनगर, करसोग, निचार, रामपुर व नारकण्डा में भी भारी दर्ज की गई है।
