Spread the love

शिमला/कुल्लू| सूबे में आज भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने आज सोमवार को लाहुल स्पीति, ऊना, हमीरपुर व किन्नौर को छोड़ बाकी जिलों में आंधी और भारी वर्षा को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। जिला कांगड़ा, चंबा और मंडी में इस बार बारिश से सबसे ज्‍यादा नुकसान हुआ है। इन तीन जिलों में बारिश का प्रकोप ज्‍यादा देखने को मिला है। शिमला, कुल्‍लू, सिरमौर, साेलन व बिलासपुर में भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। ताजा हिमपात के बाद अधिकतम तापमान में सबसे अधिक गिरावट सेओबाग में 8.2 व केलंग में  7.4 डिग्री सेल्सियस तक आई है। न्यूनतम तापमान में करीब एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।

शनिवार रात को लाहुल-स्पीति की ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ, जबकि कांगड़ा जिला सहित कई स्थानों पर वर्षा होने से प्रदेश में ठंड का अहसास हो रहा है। हिमाचल-पंजाब की सीमा पर चक्की खड्ड का जलस्तर बढऩे से एक बार फिर सड़क मार्ग पर बना पुल खतरे की जद में आ गया है। शनिवार रात पुल के पिलरों की सुरक्षा के लिए लगाए क्रेट बह गए।

वहीं, जिला कुल्लू को शिमला से जोडऩे वाला औट-लुहरी-सैंज राष्ट्रीय उच्च मार्ग-305 रविवार को फडैलनाला के पास रविवार सुबह पहाड़ दरकने से बंद हो गया। इस मार्ग पर दो दिन पहले ही यातायात बहाल हुआ था। शनिवार रात को हुई भारी वर्षा से पूरा पहाड़ सड़क पर आ गया। राष्ट्रीय उच्च मार्ग के सहायक अभियंता धन सिंह शर्मा ने बताया कि मौसम साफ रहा तो सोमवार को सड़क बहाल कर दी जाएगी।

धर्मशाला, मंडी, चंबा और कुल्लू में रविवार सुबह भारी वर्षा हुई, जबकि दोपहर बाद कई स्थानों पर धूप खिली। प्रदेश में करीब 30 सड़कें बंद हैैं। 10 मकान और सात पशुशालाएं क्षतिग्रस्त हुईं। सात ट्रांसफार्मर खराब हैं। 24 घंटे के दौरान सबसे अधिक वर्षा कांगड़ा के गुलेर में 89.5 मिलीमीटर दर्ज की गई है।

By admin

Leave a Reply