चंबा| पिछले पांच वर्षों के दौरान प्रदेश सरकार ने गरीब को करीब रखकर काम किया है। यह शब्द मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने चुराह के भंजराडू स्थित रामलीला मैदान और चंबा के हरिपुर ग्राउंड में पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में आयोजित जनसभा के दौरान कहे। उन्होंने कहा कि गत पांच वर्षों के दौरान भाजपा सरकार ने गरीब का दर्द समझते हुए कई सरकारी योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंदों को लाभान्वित किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा वोट बैंक की राजनीति ही की। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस अब खजल पार्टी बनकर रह गई है। प्रदेश के कर्मचारियों की पुरानी पेंशन योजना बहाली का समाधान भी भाजपा ही निकालेगी। उन्होंने प्रदेश की जनता व कर्मचारियों को आगाह किया है कांग्रेस की गारंटियां महज एक चुनावी स्टंट हैं। इसलिए कांग्रेस के भ्रामक प्रचार में न फंसे।
उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि वह आज कह रहे कि भाजपा सरकार ने प्रदेश को भारी भरकम कर्जे में डूबो दिया है। मगर हकीकत यह है कि यह कर्जे कांग्रेस की पूर्व सरकारों की करनी की वजह से लेना पड़ा है। उन्होंने कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार प्रदेश पर पचास हजार करोड़ रुपए का कर्ज छोड़ गई थी। इसके विपरीत गत पांच वर्षों के दौरान भाजपा सरकार ने काफी कम ऋण लिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने पांच वर्षों के दौरान 60 हजार युवाओं को रोजगार दिया है, जबकि पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में केवल 20 हजार युवाओं को रोजगार मिला था। उन्होंने कहा कि प्रदेश में दोबारा से भाजपा की सरकार बन रही है। इसलिए जनता कांग्रेसियों के दुष्प्रचार के झांसे में न आकर भाजपा का सहयोग करें।
