Spread the love

हिमाचल प्रदेश में चुनावी घमासान शुरू हो गया है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा रविवार को लाहौल-स्पीति के काजा, मनाली और कुल्लू में भाजपा की विजय संकल्प रैलियों को संबोधित किए। नड्डा ने डबल इंजन सरकार के फायदे गिनाने के साथ कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर जमकर हमला बोला। नड्डा ने तीन जनसभाओं में प्रदेश की जनता से रिवाज बदलने की अपील करते हुए एक बार पुनः डबल इंजन वाली भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता ने यह ठान लिया है कि हिमाचल में हम नया रिवाज बनाएंगे, फिर से भाजपा लाएंगे क्योंकि भाजपा जो कहती है, वह करके दिखाती है। उन्होंने दावा किया कि डबल इंजन वाली भाजपा सरकार का बनना तय है।

पहले चुनाव में एंटी-इनकम्बेंसी होती थी

नड्डा बोले कि पहले राजनीति और चुनाव में एंटी-इनकम्बेंसी होती थी लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हिंदुस्तान की राजनीति में प्रो-इनकम्बेंसी का एक नया शब्द जोड़ दिया। जब सही नेतृत्व हो, विकास की नीति हो, काम करने की नीयत हो तो एंटी-इनकम्बेंसी नहीं बल्कि प्रो-इनकम्बेंसी होती है।’

केंद्र सरकार की सौगातों का जिक्र करते हुए नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने हिमाचल प्रदेश में लगभग 2000 करोड़ रुपये से ड्रग पार्क का शिलान्यास किया है। वंदे भारत ट्रेन भी अब हिमाचल प्रदेश से कनेक्ट हो गई है। बिलासपुर में लगभग 1500 करोड़ रुपए की लागत से एम्स बना है।

जेपी नड्डा ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा हिमाचल प्रदेश की जनता के साथ अन्याय किया है और यहां के लोगों को धोखा दिया है। अटल बिहारी वाजपेयी ने हिमाचल प्रदेश को इंडस्ट्रियल पैकेज भी दिया था जिसे कांग्रेस की यूपीए सरकार ने वापस ले लिया।

स्पेशल कैटेगिरी को लेकर यूपीए सरकार पर बरसे

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की यूपीए सरकार ने हिमाचल प्रदेश का स्पेशल कैटेगिरी स्टेटस छीन लिया, वह भी तब जबकि केंद्र और हिमाचल दोनों जगह कांग्रेस की सरकार थी। जब नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री बने तो उन्होंने बिना मांगे ही हिमाचल प्रदेश का स्पेशल स्टेटस का दर्जा बहाल कर दिया।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की यूपीए सरकार ने हिमाचल प्रदेश में विकास की गति को 10 सालों तक अवरुद्ध बनाए रखा। सत्ता में जब कांग्रेस होती है तो विकास कार्य करती नहीं और जब विपक्ष में होती है तो विकास कार्यो में अड़ंगे लगाती है। नड्डा ने आम आदमी पार्टी को निशाने पर लेते हुए कहा कि राजनीतिक पर्यटन के नाम पर यहां आम आदमी पार्टी भी आयी लेकिन जब आम आदमी पार्टी को आभास हो गया कि यहां उनका झूठ चलने वाला नहीं तो वे यहां से गुजरात चले गए हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल के चुनाव में आम आदमी पार्टी के प्रत्याशियों की भी जमानत जब्त होगी। यही वजह है कि आम आदमी पार्टी हिमाचल प्रदेश में कोशिश भी नहीं कर रही।

By admin

Leave a Reply