शिमला। राजधानी शिमला में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। शहर के मालरोड और आसपास के इलाकों में लोगों से खाने-पीने की चीजें छीनने वाले बंदरों ने अब नकदी और सामान को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है। ताजा मामला उपायुक्त (डीसी) कार्यालय परिसर के समीप सामने आया, जहां एक बंदर व्यक्ति की जेब से नकदी का पैकेट छीनकर पेड़ पर चढ़ गया। इसके बाद बंदर ने एक-एक कर नोट नीचे फेंकने शुरू कर दिए। पेड़ से नोटों की बारिश होती देख परिसर में मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई।

81,800 रुपये लेकर बैंक जा रहा था व्यक्ति
जानकारी के अनुसार एक व्यक्ति बैंक में जमा करवाने के लिए 81,800 रुपये लेकर डीसी ऑफिस परिसर से गुजर रहा था। इसी दौरान अचानक एक बंदर ने उसकी जेब से नकदी का पैकेट झपट लिया और देखते ही देखते पेड़ पर जा चढ़ा। व्यक्ति कुछ समझ पाता, इससे पहले ही बंदर पैकेट से नोट निकालकर नीचे फेंकने लगा। अपनी मेहनत की कमाई को इस तरह बिखरता देख व्यक्ति घबरा गया। हालांकि, मौके पर मौजूद कर्मचारियों और अन्य लोगों ने तुरंत उसकी मदद की।

लोगों ने पेड़ के नीचे बिखरे नोट समेटे
बंदर द्वारा नीचे फेंके जा रहे नोटों को देखकर परिसर में मौजूद लोग पेड़ के आसपास इकट्ठा हो गए। सभी ने मिलकर जमीन पर बिखरी नकदी समेटनी शुरू कर दी। काफी मशक्कत के बाद अधिकांश रुपये बरामद कर लिए गए, लेकिन व्यक्ति के मुताबिक करीब 1500 रुपये का हिसाब नहीं मिल पाया। इतना ही नहीं, बंदर ने 500 रुपये के कुछ नोटों को फाड़कर भी नुकसान पहुंचाया। घटना के बाद व्यक्ति को नकदी का पूरा हिसाब लगाने में काफी परेशानी हुई।

सरकारी परिसर में भी सुरक्षित नहीं लोग
डीसी ऑफिस जैसे महत्वपूर्ण सरकारी परिसर के समीप हुई इस घटना ने एक बार फिर शिमला में बंदरों की बढ़ती समस्या को उजागर कर दिया है। शहर में बंदरों द्वारा लोगों से सामान छीनने, दुकानों और घरों में घुसने तथा राहगीरों को परेशान करने की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं। इस घटना के बाद सरकारी कार्यालयों के आसपास लोगों की नकदी और सामान की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय स्तर पर बंदरों के आतंक से निपटने के लिए प्रभावी कदम उठाने की जरूरत महसूस की जा रही है, ताकि लोगों को इस तरह की घटनाओं से राहत मिल सके।

By admin

Leave a Reply