Spread the love

हमीरपुर। सार्वजनिक वितरण प्रणाली में इस माह एपीएल राशनकार्ड धारकों के आटे के कोटे में कटौती की गई है। एपीएल और एपीएल आयकर दाता परिवारों के आटे के कोटे में एक किलो की कटौती हुई है। इस माह 13 किलो आटा मिलेगा। इससे पहले प्रति राशनकार्ड पर 14 किलो आटा दिया जाता था। आटे की कटौती से इन परिवारों को झटका लगा है। वहीं, सरसों के तेल और चने की दाल मिलने पर भी अभी संशय बना हुआ है। पिछले माह भी राशनकार्ड धारकों को सरसों का तेल डिपुओं में नहीं मिला था। इसके चलते लोगों को महंगे दामों पर तेल खरीदना पड़ा।

उपभोक्ताओं को चने की दाल भी डिपुओं में नहीं मिली। चावल के कोटे में कोई बदलाव नहीं किया गया है। प्रति राशनकार्ड पर चावल छह किलो मिलेंगे। सार्वजनिक वितरण प्रणाली में उचित मूल्य की दुकानों के लाखों उपभोक्ताओं को बाजार से काफी सस्ती दर पर राशन उपलब्ध कराया जाता है। इसमें तीन दालें, चावल सहित अन्य वस्तुएं शामिल हैं। राशन की मात्रा में कमी किए जाने से एपीएल परिवारों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

इतने लाख हैं राशनकार्ड धारक
प्रदेश में कुल राशनकार्ड धारकों की संख्या लगभग 19,44,164 हैं। कुल 68,76,042 लाभार्थी हैं। इसमें एपीएल 11,98,130 राशनकार्ड धारक हैं। इसमें कुल लाभार्थियों की संख्या 40,47,391 है। वहीं, एनएफएसए में कुल राशनकार्ड धारकों की संख्या 7,46,034 है। इसमें कुल लाभार्थियों की संख्या 28,28,651 है।

एपीएल राशनकार्ड धारकों को प्रति राशन कार्ड इस माह 13 किलो आटा मिलेगा। चावल के कोटे में कोई भी बदलाव नहीं किया गया है। डिपुओं में राशन कार्ड धारकों को सस्ते दामों पर राशन दिया जाता है। – शिव राम राही, जिला नियंत्रक, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले, हमीरपुर

By admin

Leave a Reply