Spread the love

बिलासपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर रैली के लिए लुहणू में वाटरप्रूफ पंडाल लगेगा। शनिवार शाम को प्रधानमंत्री की सुरक्षा का जायजा लेने के लिए एसपीजी की टीम पहुंचेगी। एसपीजी रविवार को पुलिस और जिला प्रशासन के साथ बैठक कर पीएम के दौरे से जुड़े सभी स्थानों का निरीक्षण करेगी।  पीएम की मंडी रैली के दौरान हुई बारिश के बाद सरकार ने सबक लिया है। रैली स्थल पर वाटरप्रूफ टेंट लगाया जा रहा है। पंडाल की लंबाई 350 मीटर और चौड़ाई 250 मीटर होगी। पंडाल में करीब 75,000 कुर्सियां लगाई जाएंगी। स्टेज भी लुहणू मैदान में सिंथेटिक ट्रैक में बनेगी। जनसभा स्थल प्रभारी स्वदेश ठाकुर ने कहा कि रैली के दौरान लोगों के बैठने के लिए उपयुक्त व्यवस्था की जाएगी। बिजली के लिए जेनरेटर सेट की व्यवस्था अलग से की जाएगी।

पीएम दौरे को लेकर बिलासपुर में प्रदेश भर से सीआईडी के करीब 75 जवान पहुंचे हैं। एसपी दिवाकर शर्मा ने कहा कि पीएम दौरे को लेकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी। शनिवार शाम को एसपीजी की टीम पहुंचेगी।  इसके बाद एसपीजी टीम प्रधानमंत्री के दौरे से संबंधित स्थलों का निरीक्षण करेगी और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेगी।

 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विधानसभा चुनावों का शंखनाद बिलासपुर से करेंगे। पीएम मंडी रैली में नहीं पहुंच पाए, लेकिन इस बार कार्यक्रम में कोई कमी नहीं रखी जाएगी। यह बात भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप ने बिलासपुर में कही। अब राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के गृह जिले से विस चुनावों का शंखनाद हो रहा है। कहा कि भाजपा बिलासपुर में चारों सीटें जीतेगी। प्रदेश में भी रिपीट कर रिवाज बदलेगी। भाजपा फिर जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में सरकार बनाएगी।

By admin

Leave a Reply